Edited By ,Updated: 29 Aug, 2016 08:00 AM
उत्तर प्रदेश में झांसी के नवाबाद क्षेत्र में बदमाशों ने लूटपाट के बाद पिता-पुत्री की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
झांसी: उत्तर प्रदेश में झांसी के नवाबाद क्षेत्र में बदमाशों ने लूटपाट के बाद पिता-पुत्री की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि डायमण्ड फैक्ट्री में अकाउंटेंट राजीव माथुर अपनी पुत्री प्रिया माथुर के साथ वीरांगना नगर में रहते थे। प्रिया एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी। हर दिन की तरह सुबह जब उनके घर में काम करने वाली नौकरानी पहुंची तो पिता और पुत्री को खून से लथपथ पड़ा देख वह घबरा गई। उसने तुरन्त पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस वहां की घटना देख दंग रह गई और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शरद सचान, जिलाधिकारी अजय शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अब्दुल हमीद, अपर पुलिस अधीक्षक(एएसपी) देहात अरुण दीक्षित समेत डॉग स्कॉवट, स्वॉट टीम के साथ-साथ फिंगर प्रिन्ट एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने घर का सामान बिखरा देख आशंका जताई कि लूटपाट के इरादे से पिता-पुत्री की गला रेतकर हत्या की गई है, हालांकि लूटपाट कितने की हुई यह पता नहीं चल सका है। इसके बाद उन्होंने दोनों शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।