Edited By ,Updated: 05 Oct, 2015 06:04 PM
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह कर लिया...
बुलन्दशहर: उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में शराबी पति से तंग आकर एक महिला ने मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह कर लिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शराब की दुकान में आग लगा दी। आग से कई लाख रूपए की शराब जल गई। पुलिस ने बताया कि नेहरूपुर में शराब का आदी खुशीराम अपनी पत्नी सीमा (28) के साथ रहता है और शराब पीकर आए दिन उससे मारपीट करता था। रात में भी उसने शराब पी और घर आकर पत्नी के साथ मारपीट की। पत्नी सीमा ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली, जिससे उसकी जल जाने से मृत्यु हो गई।
महिला की मृत्यु का समाचार मिलते ही बडी संख्या में महिला और पुरूष नारेबाजी करते हुए नेहरूपुर स्थित शराब की दुकान पर जा पहुंचे और दुकान में आग लगा दी। पुलिस ने फायर बिग्रेड की सहायता से आग पर काबू पाया। एक अन्य घटना में खुर्जा नगर में ही एक युवक का जली अवस्था में शव बरामद हुआ है। शव की पहचान मदार गेट निवासी नन्हे (25 ) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक शराब का आदी था। हत्या के कारणों की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।