Edited By ,Updated: 23 Apr, 2017 12:12 PM
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद आगरा में हिंदूवादी बेलगाम हो रहे हैं।
आगरा (बृज भूषण): उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद आगरा में हिंदूवादी बेलगाम हो रहे हैं। मामला थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र का है। दरअसल आपको बताते चलें कि फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में हिंदूवादी संगठन के 5 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। जिन्हें पुलिस पकड़ कर थाना फतेहपुर सीकरी लाई।
जानकारी के अनुसार इसके बाद हिंदूवादी संगठन के लोगों को छुड़ाने के लिए तमाम हिंदूवादी संगठन के लोगों ने थाना फतेहपुर सीकरी का घेराव किया। घेराव के दौरान पुलिस से नोकझोंक तड़का-भड़की और मारपीट के बाद पथराव का माहौल पैदा हो गया। इस मामले में पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना फतेहपुर सीकरी से आगरा शहर के थाना सदर क्षेत्र में ट्रांसफर कर दिया।
जब पांचों नामजद हिन्दूवादियों को सदर थाने पर लाया गया तो इन हिंदूवादियों को छुड़ाने के लिए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल सहित तमाम हिंदूवादी संगठन के लोग थाना सदर पहुंच गए। थाना सदर पहुंचे हिंदूवादी संगठन के लोगों ने पुलिस पर नामजद हिंदूवादियों को छुड़ाने का दबाव बनाया। घंटो तक थाने पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा। बीच-बीच में हिंदूवादी संगठन के लोग पुलिस से अभद्र भाषा का प्रयोग करते रहे। इस दौरान कई बार हिंदूवादियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन को देखते हुए थाना सदर को छावनी बना दिया गया।