Edited By ,Updated: 17 Jan, 2017 06:20 PM
भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि समाजवादी पार्टी के सियासी ड्रामे का खामियाजा उत्तर प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है और महिलाआें के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है।
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि समाजवादी पार्टी के सियासी ड्रामे का खामियाजा उत्तर प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है और महिलाआें के प्रति अपराधों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी ने महिलाआें के प्रति बढ़ते अपराधांे पर घोर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के सियासी ड्रामे का खामियाजा यूपी की जनता भुगत रही है। सहारनपुर में मासूम बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या, बरेली में महिला के साथ गैंगरेप, फिरोजाबाद में भी गुंड़ों द्वारा अबला को निशाना बनाये जाने जैसी शर्मनाक घटनाआें से प्रदेश शर्मसार हो रहा है।’’
महिलाआें के साथ बर्बरता की घटनाएं बेतहाशा
त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में मासूम बच्चियों और महिलाआें के साथ बर्बरता की घटनाएं बेतहाशा बढ़ रही हैं। मीडिया में आयी खबरों के मुताबिक पिछले 48 घंटों के दौरान सहारनपुर, बरेली और फिरोजाबाद में महिलाआें और बच्चियों को निशाना बनाया गया है। सहारनपुर में बदमाशों ने मासूम छात्रा की हत्या कर दी, आशंका ये भी है कि बच्ची के साथ दुराचार किया गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह बरेली में दवा लेने जा रही महिला को अगवा करने के बाद उसके साथ गैंगरेप किया गया। फिरोजाबाद में भी एक बच्ची के साथ गैंगरेप की खबरें मीडिया में हैं। इन घटनाआें पर भाजपा क्षोभ व्यक्त करती है और इसके लिए सीधे तौर पर सपा सरकार को जिम्मेदार मानती है।
कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
त्रिपाठी ने कहा कि मौजूदा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और चारों तरफ गुंडागर्दी की घटनाएँ देखने को मिल रही हैं। इसी सरकार में बुलंदशहर हाईवे पर माँ-बेटी के साथ गैंगरेप की दुखद और घिनौनी वारदात भी हुई, अफसोस इस बात का है कि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण वारदात की पुनरावृत्ति रोकने की बजाय सपा सरकार पारिवारिक झगड़े के ड्रामे में डूबी रही।
UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें