Edited By ,Updated: 15 Mar, 2017 06:05 PM
यूपी में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद बीजेपी अभी तक मुख्यमंत्री का नाम नहीं ढ़ूंढ़ पाई है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सांसद योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के बाद एक नया नाम सतीश महाना का सामने आ रहा है।
लखनऊ: यूपी में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद बीजेपी अभी तक मुख्यमंत्री का नाम नहीं ढ़ूंढ़ पाई है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सांसद योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के बाद एक नया नाम सतीश महाना का सामने आ रहा है। जो न केवल सातवीं बार बीजेपी के विधायक बने हैं बल्कि उनकी छवि भी साफ सुथरी है। संभवत: सतीश महाना को बीजेपी उत्तर प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बना सकती है।
दरअसल सुबह राजनाथ सिंह की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए खुद की दावेदारी पर सीधा इनकार किये जाने के बाद कानपुर से सतीश महाना को दिल्ली तलब कर लिया गया है। महाना को अमित शाह की कॉल के बाद दिल्ली बुलाया गया है। कानपुर के महाराजपुर से विधायक चुने गये सतीश महाना भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता माने जाते हैं। महाना सातवीं बार बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गये हैं। स्वच्छ छवि के महाना यूपी में बीजेपी सरकार के दौरान कबीना मंत्री का पद संभाल चुके हैं।
सतीश महाना देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संघर्ष के दिनों के साथी भी रहे हैं। महाना को नई दिल्ली से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से अचानक बुलावा भेजा गया है। उनके लिए दिल्ली से स्पेशल विमान की व्यवस्था भी की गई है। बता दें कि दिल्ली में बुधवार को संसदीय बोर्ड की बैठक होनी है जिसमें यूपी के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय होगा।