Edited By ,Updated: 18 Feb, 2017 09:17 PM
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और सपा गठबंधन पर निशाना साधा। इलाहाबाद शहर की विधानसभा सीटों से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा।
इलाहाबाद: केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और सपा गठबंधन पर निशाना साधा। इलाहाबाद शहर की विधानसभा सीटों से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाजपा की स्टार प्रचारक ने कहा कि जो लड़के (राहुल और अखिलेश) एक-दूसरे को पसंद कर रहे हैं उसकी क्या वजह है। सपा नेताओं से पूछो तो बताते हैं उनकी पार्टी कमजोर हो गई इसलिए साथ पसंद है। वहीं कांग्रेस से पूछो तो उनके नेता नजर झुकाकर कहते हैं राहुल की गाड़ी चल नहीं रही इसलिए साइकिल पसंद है। प्रश्न यह है कि किसका साथ पसंद है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि जिस सरकार के मंत्री पर सामूहिक बलात्कार का मुकदमा दर्ज करने के लिए सुप्रीम कोर्ट कहती है। मैं पूछती हूं सपा और कांग्रेस सत्ता का सौदा कब तक करेंगे। गायत्री प्रजापति कहते हैं चुनाव जीतना है तो मेरा साथ पसंद करना होगा। उन्हें शर्म आनी चाहिए जो गायत्री प्रजापति जैसे लोगों का साथ देते हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा। यदि लोग अपने बच्चों को उज्जवल भविष्य देना चाहते हैं तो पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएं। जिस राज्य ने एक से बढ़कर एक नेता दिए वहां मजदूरों की संख्या 2 करोड़ पहुंच गई जो चिंता का विषय है। केन्द्रीय मंत्री ने इलाहाबाद उत्तरी से प्रत्याशी हर्षवर्धन बाजपेयी, पश्चिमी से सिद्धार्थनाथ सिंह के समर्थन में सभाएं की।