Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Mar, 2018 10:23 AM
उत्तर प्रदेश से भाजपा के सभी 9 उम्मीदवारों को राज्यसभा चुनाव में मिली जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को अवसरवादी बताते हुए कहा है कि वह दूसरों से ले सकती है लेकिन दे नहीं सकती।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश से भाजपा के सभी 9 उम्मीदवारों को राज्यसभा चुनाव में मिली जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को अवसरवादी बताते हुए कहा है कि वह दूसरों से ले सकती है लेकिन दे नहीं सकती।
योगी ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद देर रात पत्रकारों से कहा कि सपा का अवसरवादी चेहरा एक बार पुन: प्रदेश की जनता ने देखा है। सपा दूसरों से ले सकती है लेकिन दे नहीं सकती। उन्होंने बसपा का नाम लिए बगैर कहा कि जिन लोगों ने सपा की अवसरवादिता को देखा है, उन्हें खाई में गिरने से पहले समझने की जरूरत है। समझदार लोगों को अब सीख लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राज्यसभा चुनाव में जीते सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि अब संसद में उच्च सदन की स्थिति बदलेगी। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा इसी तरह विजय अभियान को जारी रखेगी।
भाजपा ने हारी हुई सीट बल से जीती: बसपा
बसपा के महासचिव सतीष चन्द्र मिश्रा ने कहा है कि हमारे उम्मीदवारों को भाजपा ने जेल से उठवाया। उनको वोट नहीं करने दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मानसिकता दलित विरोधी है। मुख्तार अंसारी को वोट देने से रोका गया। भाजपा ने हारी हुई सीट बल से जीती। साथ ही उन्होंने कहा कि सपा से गठबंधन का फैसला मायावती करेंगी।