Edited By ,Updated: 20 Sep, 2016 12:53 PM
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आज़म खान इलाहाबाद के दौरे पर हैं।
इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आज़म खान इलाहाबाद के दौरे पर हैं। आज़म खान यहां गंगा की पुकार कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम संगम तट पर आयोजित किया गया था। आज़म खान ने समारोह में एक बार फिर से विवादित बयान दिया है।
बताया जा रहा है कि आज़म खान ने नेताओं पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने नेताओं को नपुंसक बताया है। वहीं कश्मीर में हुए आतंकी हमले से उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आज़म खान इतने आहत हुए कि उन्होंने अपने देश के नेताओं को नपुंसक तक कह दिया। इसके साथ ही आज़म खान ने यहां कहा कि आरएसएस मुझे प्रधानमंत्री बना दे, एक साल में अखंड भारत बना दूंगा।
कश्मीर कोई मुद्दा नहीं
आज़म खान ने आगे कहा कि कश्मीर कोई मुद्दा नहीं है। कश्मीर की समस्या तब तक है, जब तक यहां का नेता नपुंसक है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी तंज कसा और कहा कि एक तरफ दुश्मन जवानों का सर काट कर ले जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दुश्मन की मां को कश्मीरी शाल उढ़ाई जा रही है। ये बादशाहत नहीं बुजदिली है। ऐसा शासक देश को बचा नहीं सकता। आज़म के साथ इस कार्यक्रम में संत समाज के कई बड़े संत मौजूद थे।