Edited By ,Updated: 02 Oct, 2016 02:37 PM
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आगरा रोड शो में सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है।
आगरा: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आगरा रोड शो में सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है। शहर के सर्राफा बाजार में चल रहे रोड शो के दौरान राहुल गांधी को करंट का झटका लगा था। हालांकि वे सुरक्षित हैं। उनका रोड शो जारी रहा। इससे पहले 28 सितंबर को बरेली और रामपुर के बीच रोड शो के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की भिड़ंत हो गई थी।
दरअसल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में किसान महायात्रा कर रहे हैं। किसान यात्रा के तहत राहुल गांधी आगरा में रोड शो कर रहे थे। यहां सर्राफा बाजार में पहुंचने पर वे अग्रसेन महाराज की मूर्ति पर माल्यार्पण के लिए पहुंचे। इसी दौरान वहां एक खुली तार से उनकी बॉडी टच हो गई। बताया जाता है कि उन्हें करंट का झटका लगा। वे उससे बचते नजर आए। हालांकि अब वे सकुशल हैं।
वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी को झटका लगते ही एसपीजी के जवान हरकत में आ गए।इसी दौरान राज बब्बर ने बिजली का तार पकड़ लिया। राहुल गांधी को तुरंत मिनी बस में बैठाया गया। हालांकि, बाद में राहुल ने रोड शो पहले की तरह ही जारी रखा था।